देहरादून: उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल बुधवार को देहरादून के दून विहार स्थित सेंट्रल पार्क में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पारंपरिक भैलो खेलकर पर्व की खुशियां साझा कीं और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इगास बग्वाल देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इन परंपराओं को जान सकें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के लोकपर्व राज्य की सांस्कृतिक पहचान और स्वाभिमान को दर्शाते हैं। ऐसे आयोजन विशेष रूप से युवाओं और प्रवासियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

समारोह में जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और लोक कलाकार शनि दयाल ने लोकगीतों एवं पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।

इस दौरान लकी ड्रॉ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रथम पुरस्कार में स्कूटी, द्वितीय में फ्रिज और तृतीय पुरस्कार में टीवी दिया गया। इसके अलावा 51 अन्य विजेताओं को भी विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी और पूनम नौटियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

इगास बग्वाल के इस आयोजन में उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक उत्सव की झलक देखने को मिली।

Tags: