देहरादून में डिजिटल जनगणना को बढ़ावा देने की पहल
डिजिटल जनगणना अभियान से जुड़े विद्यार्थी और शिक्षक
देहरादून: जनगणना-2027 में डिजिटल भागीदारी बढ़ाने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
शिविर के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए स्वयं और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की।
उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के नागरिकों को भी डिजिटल स्व-गणना सुविधा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी समाज में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनगणना अभियान में विश्वविद्यालय की सक्रिय भागीदारी और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में निदेशालय के उप निदेशक आरके बनवारी और तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की चरणबद्ध प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस दौरान कई विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तकनीकी टीम की सहायता से मौके पर ही अपनी स्व-गणना पूरी की।
शिविर के माध्यम से डिजिटल जनगणना में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।