उत्तराखंड में भाजपा का चुनावी शंखनाद, प्रदेश चुनाव कार्यालय का शुभारंभ
सीएम धामी की मौजूदगी में भाजपा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों को रफ्तार दे दी है। पार्टी का प्रदेश मुख्यालय अब चुनावी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया है। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच प्रदेश चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी अरविंद मेनन और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने हवन में आहुतियां देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सफलता की कामना की। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि विधानसभा चुनाव तक प्रदेश कार्यालय चुनावी प्रबंधन एवं संगठनात्मक समन्वय के मुख्य केंद्र के रूप में कार्य करेगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और बूथ स्तर की गतिविधियों का संचालन यहीं से किया जाएगा।
चुनाव से संबंधित विभिन्न समितियों और विभागों के लिए भी कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा जल्द ही जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव कार्यालयों का संचालन शुरू किया जाएगा।
महेंद्र भट्ट ने प्रदेश चुनाव कार्यालय के शुभारंभ को विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।