UP News: पैलानी थाना क्षेत्र के खपटिहाकला गांव में केन नदी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मनोज निवासी बरेहटा के फकीरा डेरा के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब मनोज लगभग 10 माह बाद मजदूरी के लिए कर्नाटक के हुबली से अपने गांव लौट रहा था।परिजनों के बताया कि मनोज खपटिहाकला के पास केन नदी पार करने के बाद नहाने के लिए उतरा। उसने अपने भाई दिनेश को कॉल कर बताया कि वह नदी पार कर चुका है और उसे बाइक से बरेहटा ले जाने को कहा। दिनेश नाव से मनोज का सामान उतार रहा था, तभी नहाते समय मनोज का पैर नदी के गहरे हिस्से में फिसल गया और वह डूबने लगा।
मौके पर मौजूद शंकर निषाद, भूरा निषाद और भाई दिनेश ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी और बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में मनोज ने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र निषाद और बरेहटा प्रधान प्रमोद निषाद मौके पर पहुंचे। पुलिस चौकी इंचार्ज लल्लन यादव ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी अंकित वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से पीड़ित परिवार को मिलने वाली उचित सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।