बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. राजस्थान के जयपुर से एक शव लेकर गाजीपुर जा रही एम्बुलेंस खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा घुसी. हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एम्बुलेंस के दो चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं.
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर पॉइंट के पास थाना सुबेहा क्षेत्र के घेरावन गांव के पास हुआ. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई. एम्बुलेंस तेज रफ्तार में थी और आगे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार पांचों लोग घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, एम्बुलेंस जयपुर से एक शव लेकर गाजीपुर जा रही थी. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा हो गया. हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और धुंध को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और पिकअप वाहन सड़क पर किस वजह से खड़ा था, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
Tags: