छत्तीसगढ़

मुंगेली में ‘पहल’ अभियान के तहत व्यापारियों से पुलिस का संवाद

Shantanu Roy
10 Jan 2026 12:36 AM IST
मुंगेली में ‘पहल’ अभियान के तहत व्यापारियों से पुलिस का संवाद
x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले में अपराध नियंत्रण और सामाजिक जागरूकता को मजबूती देने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जिला स्तरीय जन-जागरूकता कार्यक्रम ‘पहल’ के अंतर्गत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के सभा कक्ष में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स (जिले के व्यापारियों) के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात सुरक्षा नियमों के पालन, नशा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों तथा नवीन कानूनों की जानकारी देकर समाज के हर वर्ग तक जागरूकता पहुंचाना रहा। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और व्यापारी वर्ग भी इससे अछूता नहीं है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों में समय पर सूचना देना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए, ताकि पीड़ित की राशि को समय रहते सुरक्षित किया जा सके।
यातायात सुरक्षा पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। नाबालिगों को वाहन न देने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन और वाहन दस्तावेजों की जांच से दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
बैठक में नशा और ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर भी गंभीर चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है, जो भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
इसके साथ ही व्यापारियों को अपने दुकानों की होर्डिंग व्यवस्थित ढंग से लगाने, ग्राहकों के लिए पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करने तथा दाऊपारा चौक से बालानी चौक और पड़ाव चौक क्षेत्र में दुकानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने का आग्रह किया गया, ताकि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मेडिकल स्टोर संचालकों से भी किसी प्रकार की नशीली दवाओं का अवैध भंडारण न करने की सख्त अपील की गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने मुंगेली पुलिस के ‘पहल’ अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी सहित चेंबर ऑफ कॉमर्स के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन पुलिस और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना के साथ हुआ।
Next Story