Up News: केराकत कोतवाली क्षेत्र के डिहवा, डेढुवना गांव में शराब के नशे में हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि बुधवार की रात डेढुवना गांव में रहने वाली 55 वर्षीय नगीना देवी पत्नी बिकनू वनवासी की उस समय मौत हो गई जब वह शराब पीकर झगड़ रहे लोगों के बीच बीच-बचाव करने पहुंची थी। इलाके के एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले वनवासी समुदाय के तीन मजदूर भोथू, मनोज और रमेश में शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया।
विवाद शराब के पैसे और उसके हिसाब से कम या ज्यादा पीने को लेकर हुआ। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंची नगीना देवी के सिर पर लाठी से हमला कर दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के बाद परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल की जांच करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।