Up News:    खुटार से 15 किलोमीटर दूर चांदपुर गांव में गोशाला के पास नरहा हार में शुक्रवार को खेत में गन्ना छील रहे किसानों पर बाघ ने हमला कर दिया। इसमें चांदपुर गांव निवासी राम औतार शुक्ला (53) घायल हो गए। पंजे लगने से उनके पैर में चोट आई। परिजनों ने उन्हें ई-रिक्शा से खुटार सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी। चांदपुर गांव निवासी बागीश शुक्ला ने बताया कि उनके पिता राम औतार ने गांव के ही हरि किशोर त्रिवेदी से खेत में गन्ना पट्टे पर लिया था। खेत गांव के पश्चिम स्थित गोशाला के पास है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनके पिता गांव के मुमताज, इश्तियाक, मुन्ना, चुन्ना, छोटे लल्ला समेत करीब 14 लोगों के साथ खेत में गन्ना छीलने गए थे। वहां छिपे बैठे बाघ ने उनके पिता पर हमला कर दिया और पैर पकड़कर खींचने लगा।
इससे वह गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास मौजूद किसान चिल्लाते हुए उसे बचाने दौड़े। इसके बाद बाघ पड़ोस के गन्ने के खेत में भाग गया। परिजन घायल को सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने घायल के घाव पर पट्टी बांधकर उसे छुट्टी दे दी। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन देर शाम तक कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बाघ गन्ने के खेत में डेरा जमाए हुए है। जिससे ग्रामीण दहशत में हैं।
Tags: