मीरजापुर में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना
महिला की गैरमौजूदगी में घर का ताला तोड़कर चोरी
मीरजापुर: उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय घर की मालकिन निर्मला देवी खेत पर फसल की रखवाली करने गई थीं, जबकि उनकी बहू दो बच्चों के साथ घर में सो रही थी। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने राजगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेमरी गांव निवासी निर्मला देवी ने घर से कुछ दूरी पर सब्जी की खेती कर रखी है। नीलगाय और छुट्टा पशुओं से फसल को बचाने के लिए वह रात में खेत पर रखवाली करती हैं। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद भी वह रोज की तरह खेत चली गईं। उनके पति मौजी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि बेटा बाहर रहकर काम करता है। घर पर बहू अपने दो बच्चों के साथ थी। भोजन करने के बाद बहू बच्चों के साथ कमरे में सो गई।
इसी दौरान रात में अज्ञात चोर घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों में रखे बक्से और अलमारी को खंगाला और उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। रात में घर में मौजूद बहू और बच्चों को घटना की भनक नहीं लगी।
शनिवार सुबह खेत से लौटकर निर्मला देवी घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पीड़िता के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। निर्मला देवी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ राजगढ़ थाने में तहरीर दी है। थाना निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि चोरी के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।