Up News: सरपतहां थाना क्षेत्र के संसारपट्टी गांव में बुधवार की सुबह साढ़े दस बजे अखंडनगर-त्रिकौलिया मार्ग पर गिट्टी समतल कर रही ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने और मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करते रहे। एसडीएम के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। असैथा पट्टी नौरंग निवासी राजेश्वर सिंह (66) बुधवार को किसी काम से साइकिल से अखंडनगर बाजार जा रहे थे। ग्रेडर मशीन अखंडनगर-त्रिकौलिया मार्ग पर गिट्टी समतल कर रही थी। राजेश्वर मशीन के पास से गुजर ही पाए थे कि चालक ने लापरवाही से ग्रेडर को बैक करना शुरू कर दिया और राजेश्वर सिंह साइकिल समेत मोटर ग्रेडर की चपेट में आ गए।
उन्हें कुचलता देख चालक के होश उड़ गए और मशीन वहीं छोड़कर भाग गया। घटनास्थल पर चीख पुकार सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और राजेश्वर के परिजनों को सूचना देकर उसे शाहगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो बेटियों का पिता था। दोनों की शादी हो चुकी है। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर सरपतहा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोग मुकदमा दर्ज करने और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखे रहे।
वे किसी वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी शाहगंज राजेश कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजा आदि का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को उठने दिया। थाना प्रभारी सरपतहां ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई राजेंद्र सिंह की तहरीर पर चालक पवन कुमार निवासी नसोही डेरा, वन सोढ़ी, जिला सिवान, बिहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags: