Up News: कस्बे के मंडी समिति के पीछे स्थित मिनी कोल्ड स्टोरेज में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। आग की उठती लपटें देख अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बालू व पानी आदि डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में 20 लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।मगलगंज कस्बे के निवासी विमलेश शर्मा का मंडी समिति के पीछे कोल्ड स्टोरेज है। विमलेश शर्मा पुत्र मेवालाल शर्मा जनपद खीरी के मैगलगंज के रहने वाले हैं।
सोमवार देर शाम कोल्ड स्टोरेज में अचानक आग लग गई। आग की जानकारी लपटों को उठती देख हुई। लपटें देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई।फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने लोगों की मदद से बालू व पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से कोल्ड स्टोरेज में केले पकाने वाला चैंबर भी जल गया।
साथ ही तीन अन्य चैंबर में रखे फल भी जल गए। आग इतनी भीषण थी कि बिल्डिंग में दरारें भी आ गईं। आग से करीब 20 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस इंस्पेक्टर रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी। जांच की जा रही है।
Tags: