Up News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपने पति पर कैंची से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डॉक्टरों ने हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है। पति जब बाजार से घर लौटा तो उसका अपनी पत्नी से किसी बात पर झगड़ा हो गया। पहले तो कहासुनी हुई, लेकिन बात इतनी बिगड़ गई कि पत्नी ने गुस्से में आकर घर में रखी कैंची उठाकर पति के पेट में घोंप दी। हमले के बाद पति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर घायल युवक को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। मामला इतना गंभीर है कि यह अदालत में भी विचाराधीन है। दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे, लेकिन इस बार तनाव ने हिंसा का रूप ले लिया। मीडिया से बात करते हुए घायल पति ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से कई सालों से मनमुटाव चल रहा है। उसने बताया कि पहले भी झगड़े होते थे, लेकिन इस बार पत्नी ने उसे जान से मारने की कोशिश की।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गहन जाँच की जाएगी। आरोपी पत्नी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: