राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने PM मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं. राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. अपने असाधारण नेतृत्व से परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आपने देश में महान लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है. आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपनी आस्था व्यक्त कर रहा है. ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं."
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, "प्रधानमंत्री ने अपना जीवन बिना किसी दाग के राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया. मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूं और प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें." केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आगे कहा कि, उन्होंने हमेशा यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे. उन्होंने समाज और राष्ट्र की सेवा में 50 वर्ष समर्पित किए हैं.
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, "मैं पूरे देश, विशेषकर ओडिशा के लोगों की ओर से भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी दीर्घायु हों. उनके नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है. मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं."





