Up News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार दोपहर एक झोपड़ी में गैस सिलेंडर फटने से दो बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिंसीनंगला गांव के बाहर स्थित जयपाल सिंह की झोपड़ी में आग लग गई। उनके मुताबिक जब ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी झोपड़ी के अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आसपास के इलाके में भी आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि झोपड़ी के बाहर खेल रहे दो बच्चे सुमित (पांच) और उसका चचेरा भाई दीपक (छह) आग की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक आग में भैंस का एक बछड़ा भी मर गया। ग्रामीणों की सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
दमकलकर्मियों ने बताया कि घटना के दौरान सुमित के पिता जयपाल खेतों में काम कर रहे थे, उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मोहित सिंह ने हताहतों की पुष्टि करते हुए कहा, "झोपड़ी में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फटने से दो बच्चों और एक मवेशी की मौत हो गई।" उन्होंने कहा, "तीन लोग मामूली रूप से झुलस गए और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।प्रभावित परिवारों को आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा दिया जाएगा। इस बीच, स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Tags: