Up News :रामताल मार्ग स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान में रात आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, दुकान में रखे लगभग सभी कपड़े जल चुके थे। अनुमान है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। मोहल्ला प्रेमनगर निवासी सोनू गुप्ता शुक्रवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब साढ़े दस बजे दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने सोनू को इसकी सूचना दी। जब तक वे पहुंचे, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई थी। पुलिस के अलावा मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास की कई दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। हालांकि आग बुझ जाने से वे दुकानें बच गईं। दुकान स्वामी ने बताया कि दो मंजिला दुकान के भूतल और ऊपरी मंजिल पर कपड़े रखे थे। आग में सारे कपड़े और इन्वर्टर व बैटरी भी जल गए। आग से कई लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।