UP News: पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, फैली सनसनी

Update: 2025-02-27 01:57 GMT
UP News: सकीट थाना क्षेत्र के गांव अंगदपुर में बुधवार सुबह युवक-युवती के शव पेड़ से लटके मिले। युवती की साड़ी के दोनों छोर से फंदे बनाए गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों के बीच कई सालों से प्रेम संबंध थे। 14 फरवरी को युवती की शादी के बाद जब सारी उम्मीदें खत्म हो गईं तो उन्होंने यह कदम उठा लिया। युवती के छोटे भाई ने बताया कि 14 फरवरी को बहन नीतू (23) की शादी कासगंज के सोरों थाना अंतर्गत खलीलपुर गांव में थी। जबकि 21 फरवरी को भतीजी की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए बहन और बहनोई दोनों आए थे। 25 फरवरी को भतीजी की दूसरी विदाई थी, जिसमें हम सभी लोग व्यस्त थे।
शाम को बहन और गांव का ही रहने वाला वीरपाल (33) लापता हो गए। मां ने दोनों को साथ जाते हुए देख लिया था। काफी तलाश के बाद जब उनका पता नहीं चला तो 112 पर कॉल की और देर शाम थाने में वीरपाल के खिलाफ तहरीर दी। बुधवार सुबह सूचना मिली कि दोनों के शव गांव से करीब डेढ़ किमी दूर पेड़ से लटके हैं। परिजनों व गांव के अन्य लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो दोनों के गले में बहन की साड़ी से फंदा लगा हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि वीरपाल की शादी वर्ष 2010 में जिला फिरोजाबाद के थाना जसराना के गांव पट्टी निवासी मुन्नी देवी से हुई थी।
उसके एक बेटा व एक बेटी है। उसके पिता व भाई नहीं है। सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने पहुंचकर निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों विवाहित थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों ने पेड़ से लटककर आत्महत्या की है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
Tags:    

Similar News