UP News: दो समुदायों के बीच झड़प, ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली दहशत

Update: 2025-10-24 01:46 GMT
UP News: कासगंज के लहरा रोड पर गुरुवार देर शाम कार बैक करते समय ठेले से टकराने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। सरेआम फायरिंग और पथराव से बाजार में दहशत फैल गई और दुकानें बंद करनी पड़ीं। इस विवाद में पांच लोग घायल हो गए। दोनों समुदायों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी), एएसपी और सीओ सदर भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और एक राइफल और एक रिवॉल्वर जब्त की।
सरोंजी थाना क्षेत्र के लहरा रोड पर रियाज अहमद की मेडिकल स्टोर है। उनका बेटा मुकेश अहमद गुरुवार देर शाम अपनी कार बैक कर रहा था। कार मनोज के चाट-पकौड़ी के ठेले से टकरा गई। इससे दोनों के बीच विवाद हो गया। मुकेश ने थाने जाकर मनोज और अन्य के खिलाफ तहरीर दी।जब वह थाने से लौटा तो विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होने लगे। गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। अचानक बाजार में अंधाधुंध फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। इससे बाजार में दहशत फैल गई। आस-पास की दुकानों के शटर गिरने लगे। सड़क पर भगदड़ मच गई। दोनों समुदायों के बीच संघर्ष बढ़ता ही गया।
किसी ने पुलिस को फोन करके दोनों समुदायों के बीच फायरिंग और पथराव की सूचना दी। भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को तितर-बितर किया। सूचना मिलने पर सीओ सदर आंचल चौहान भी पहुँच गईं। उन्होंने पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।पुलिस ने इलाके में दबिश देकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। उनके पास से एक राइफल और एक रिवॉल्वर भी बरामद की गई। हालाँकि, तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Tags:    

Similar News