UP News : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में दो बोलेरो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तिलोई के रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात क्षेत्र के पाकड़ गांव में बारात आई थी। बारात में शामिल लोग सड़क पर नाच-गा रहे थे, तभी रायबरेली की ओर से तेज गति से आ रही एक बोलेरो बारात को बचाने के प्रयास में सामने से आ रही दूसरी बोलेरो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास खड़े कई लोग भी इसकी चपेट में आ गए।हादसे में भवानी प्रसाद गुप्ता पुत्र राम बहादुर निवासी सिंदुरवा, थाना कमरौली व राम सजीवन पुत्र शिव प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार राजू गुप्ता, अरमान पुत्र समीम, जगजीवन पुत्र शिव प्रसाद, शान पुत्र लाल मोहम्मद, कन्हैया लाल पुत्र जगदेव व सपना पुत्री राजभवन, गंगाराम पुत्र हरभजन, राजभवन पुत्र हरभजन, तेजभान पुत्र शिवशंकर व गोविंद पुत्र राजभवन निवासी बलभद्रपुर, जामो गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों का उपचार जारी... शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना मिलने पर मोहनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है। 10 लोग घायल हैं। जिसका इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है।मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags: