UP News : भीषण टक्कर के बाद बस-ट्रक में आग,तीन की मौत, 25 घायल

Update: 2025-12-02 01:19 GMT
UP News : यूपी के बलरामपुर में फुलवरिया बाईपास पर सुबह निजी बस और ट्रक की भीषण भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत और 25 यात्री घायल हुए। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और पुलिस व दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया, जबकि पांच गंभीर घायलों को बहराइच रेफर किया गया।बलरामपुर कोतवाली देहात क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर मंगलवार भोर लगभग साढ़े चार बजे बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों को सोनौली से दिल्ली लेकर आ रही निजी बस की भिड़ंत एक मालवाहक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही क्षण में बस और ट्रक दोनों में आग भड़क उठी।
हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत पहुंचकर आग बुझाने तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, सोनौली से शहर होते हुए निजी बस फुलवरिया चौराहे पर दिल्ली जाने के लिए गोंडा की ओर बढ़ी थी। बस अभी पूरी तरह चौराहा से गुजर भी नहीं पाई थी कि तभी दूसरी तरफ फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर से आ रहा ट्रक सीधे बस के बीचोबीच टकरा गया। इससे बस भी सड़क से खिसककर किनारे लगे ट्रांसफार्मर से भी टकरा गई। ट्रांसफार्मर में बिजली के तारों के छूने से बस में आग लगी और फिर ट्रक में भी आग लग गई। जिससे बस में सवार काफी यात्री झुलस गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संभवतः ट्रक में बैठे व्यक्ति का शव है। ट्रक पलटने से निकल नहीं सका और दब गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन और राहत व बचाव में जुटी है।
Tags:    

Similar News