up crime: कॉलेज के बाहर मर्डर

Update: 2025-02-09 04:45 GMT
up crime: आगरा में वजीरपुरा रोड स्थित रिसेंट पीटर्स कॉलेज के सामने शनिवार रात मंडी सईद खां निवासी अजय कुशवाह (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह जीजी नर्सिंग होम के सामने ठेला लगाता था। रात में वह पैदल घर लौट रहा था। बाइक सवार ने उसके माथे में गोली मार दी।पुलिस को आशंका है कि रंजिश के चलते रेकी के बाद हत्या की गई है। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। पुलिस ने बताया कि अजय कुशवाह जीजी नर्सिंग होम के सामने बीड़ी सिगरेट का ठेला लगाता था।
उसका भाई योगेश वहीं मैगी का ठेला लगाता है। अजय की शादी शाहगंज से तय हुई थी। तीन मार्च को बारात जानी थी। रात में वह ठेला बंद कर पैदल घर लौट रहा था। सेंट पैट्रिक और सेंट पीटर्स कॉलेज के बीच बाइक सवार ने अजय को रोक लिया। दोनों में करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। बाइक सवार ने उसके माथे पर गोली मार दी। अजय मौके पर ही गिर गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस की मदद से स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अजय की हत्या से शादी वाले घर में कोहराम मच गया। पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को किसी रंजिश के चलते हत्या मान रही है। हालांकि परिजन किसी से रंजिश से इनकार कर रहे हैं। डीसीपी सूरज कुमार राय ने बताया कि युवक की हत्या के मामले की पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags:    

Similar News

-->