UP Accident: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अचानक पलट गई, जिसमें दो की मौत हो गई और 12 घायल हो गए. हादसा एकौना थाना क्षेत्र के देवरिया-असवां पार मार्ग पर नगवा खास गांव के पास हुआ. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रुद्रपुर पहुंचाया. मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ. पुलिस का कहना है कि इसमें जान गंवाने वाले दोनों लोगों के परिजनों को सूचना दे दी गई है|
पुलिस के मुताबिक पिकअप सवार सभी लोग बिहार के सिवान जिले के तरवारा गांव के रहने वाले हैं. इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की पहचान सिवान जिले के थाना जेबी नगर के तरवारा निवासी रोहित पुत्र वीरेंद्र प्रसाद और गोल्डेन पुत्र लालबाबू के रूप में हुई है. पिकअप पलटने से रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति गोल्डेन पुत्र लालबाबू को गंभीर हालत में महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके अलावा 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें प्रियांशु, मीरा देवी, सुग्गी कुमारी, फूल कुमारी, मुन्नी देवी, शिल्पी कुमारी, कमलावती देवी समेत 12 अन्य लोग शामिल हैं।
आपको बता दें कि पिकअप के अंदर कुल 22 लोग सवार थे। सभी बिहार राज्य के सिवान जिले के थाना जेबी नगर के तरवारा के रहने वाले थे। दो दिन पहले गांव के लोग प्रयागराज महाकुंभ के लिए निकले थे। वहां उन्होंने स्नान किया और फिर बुधवार को सभी 22 लोग पिकअप पर सवार होकर घर के लिए निकले। जैसे ही पिकअप एकौना थाना क्षेत्र के देवरिया-असवां पार मार्ग पर नगवा खास गांव के पास पहुंची तो मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। रात में पिकअप पलटने पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद सभी ने मिलकर घायलों को पिकअप से बाहर निकाला। इधर, ग्रामीणों की सूचना पर रात में ही पुलिस पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।