आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट और आसपास के क्षेत्र में जनकपुरी सजाई जाएगी। महोत्सव से पहले क्षेत्र की सूरत बदलने के लिए नगर निगम ने करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की है। मंगलवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने पूजा-अर्चना के साथ इन कार्यों का शुभारंभ किया।
करीब 12 करोड़ रुपये के बजट से सड़कों का निर्माण और मरम्मत, नालियों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी रोड, हॉटमिक्स सड़क और नालों को कवर करने जैसे काम कराए जाएंगे। आयोजन से पहले इन कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस बार जनकपुरी सिकंदरा के भावना एस्टेट, केके नगर, बाबरपुर और आसपास के इलाकों को मिलाकर सजाई जा रही है। श्रीरामलीला कमेटी ने जुलाई में ही सिकंदरा क्षेत्र को 2026 की जनकपुरी की मेजबानी देने की घोषणा की थी। इसके बाद से क्षेत्र में आयोजन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारियां चल रही हैं।
विकास योजना के तहत यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी तक हॉटमिक्स सड़क सुधारने के साथ साइड पटरी की मरम्मत और डिवाइडर की रंगाई-पुताई होगी। भावना एस्टेट के अलग-अलग मार्गों पर नाली, इंटरलॉकिंग और सीसी रोड का काम किया जाएगा। इसके अलावा महर्षिपुरम तिराहे, शिवाकुंज, उमा कुंज, विनायक नगर और आसपास के कई मार्गों को भी योजना में शामिल किया गया है।
48 लाख से जगमगाएगा इलाका
जनकपुरी क्षेत्र को रोशन करने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है। करीब 48 लाख रुपये की लागत से एलईडी स्ट्रीट लाइट और मिनी मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। भावना एस्टेट से बाबरपुर तक लिंक रोड सहित प्रमुख रास्तों और चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर की जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह काम महोत्सव से पहले पूरा करने की योजना है।
जनकपुरी महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण जनक महल होगा। आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार इस बार करीब 140 फीट ऊंचा जनक महल तैयार करने और लगभग 280 से 300 फीट चौड़ा मंच बनाने की योजना है। इसी विशाल मंच पर श्रीराम-जानकी विवाह से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि जनकपुरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नगर निगम काम कर रहा है। आयोजन के बहाने होने वाले सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था के कामों का लाभ महोत्सव के बाद भी स्थानीय निवासियों को मिलेगा।
जनकपुरी महोत्सव आगरा की प्रसिद्ध रामलीला परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनकपुरी पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम के सामने विकास कार्य समय पर पूरा करने के साथ यातायात, साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को व्यवस्थित रखने की चुनौती भी रहेगी।
Tags: