मेरठ. भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव में दहेज के लालच ने एक तय रिश्ता तोड़ दिया. दूल्हे पक्ष ने लड़की वालों से थार गाड़ी मांग ली थी. लड़की के पिता ने बार-बार कहा कि वह इतनी महंगी गाड़ी देने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन लड़के वाले अपनी जिद पर कायम रहे. इससे नाराज होकर लड़की के परिवार ने बाजार से प्लास्टिक की खिलौना थार मंगवाई और दूल्हे के पिता को सौंप दी. इसके साथ ही उन्होंने शादी न करने का फैसला सुना दिया.
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे लड़की पक्ष ने सोशल मीडिया पर डाला है. वीडियो में लड़की के पिता दूल्हे के पिता को खिलौना कार थमाते हुए अपना गुस्सा जाहिर करते दिख रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर गांव के रहने वाले शमशेर के बेटे का रिश्ता परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी बब्बर की बेटी से पक्का हुआ था. दोनों परिवारों के बीच लगभग पांच महीने पहले सगाई हुई थी. सगाई के समय लड़की पक्ष ने दहेज का सामान और एक लाख रुपये नकद दिए थे.
शनिवार को लड़की के घर लाल खत की रस्म रखी गई थी. इसके लिए दूल्हा पक्ष लड़की के घर आया. रस्म के दौरान लड़की के पिता ने स्प्लेंडर बाइक देने की बात रखी, तो लड़के वालों ने बुलेट बाइक की मांग कर दी. कुछ देर बाद उन्होंने थार गाड़ी मांगनी शुरू कर दी. बताया जाता है कि लड़की के पिता ने एक महीने पहले अपनी जमीन बेची थी. दूल्हे पक्ष को जब इसका पता चला, तब उन्होंने थार की मांग रखी.
लड़की के पिता ने दूल्हे पक्ष को मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए. इसके बाद दूल्हे पक्ष को सुबह से लेकर रात करीब 10 बजे तक घर पर ही बैठाए रखा गया. इसी दौरान परिवार ने बाजार से खिलौने वाली प्लास्टिक थार मंगवाई और दूल्हे के पिता के हाथ में दे दी.
वायरल वीडियो में लड़की के पिता यह कहते सुने जा सकते हैं कि लड़के वालों को इंसान की नहीं, गाड़ी की जरूरत थी. खिलौना थार सौंपते हुए उन्होंने कहा कि अब दोनों परिवार अपने-अपने घर लौट जाएं. पिता के मुताबिक, सगाई में मिला सामान लौटा दिया गया है और रिश्ता भी खत्म कर दिया गया है. इस तरह लड़की के परिवार ने दहेज की मांग का विरोध करते हुए शादी से मना कर दिया.
Tags: