वाराणसी: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने यूपी चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को बेमेल बताया है. उन्होंने कहा कि आजाद के समय भी दलित-मुस्लिम गठजोड़ की कोशिश की गई थी, लेकिन कोई परिणाम नहीं मिला. इसलिए बार-बार कह रहा हूं कि यह गठबंधन बेमेल है.
बृजभूषण शरण सिंह शनिवार को हेलीकॉप्टर से रामकथा में शामिल होने के लिए वाराणसी के रोहनिया पहुंचे. यहां डॉ. आलोक शर्मा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया. इसके बाद वह सागरपुर स्थित स्व. महेंद्र चंदेल के आवास पहुंचे, जहां उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की.
यहां से उनका काफिला भदोही के लिए रवाना हो गया. भदोही से देर शाम वह दोबारा रोहनिया पहुंचे और रामचरितमानस के अखंड पाठ में शामिल हुए. इस दौरान भाजपा नेता अनंत देव शर्मा ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया.
भागवत कथा को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि वह बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भागवत कथा और रामकथा में शामिल होने के लिए आते-जाते रहते हैं. उन्होंने कहा कि रामकथा और भागवत कथा का विरोध करने वालों को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा.
उन्होंने राम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल रामकथा सुनने से फायदा नहीं होगा, बल्कि भगवान राम की तरह आचरण करने से समाज को वास्तविक लाभ मिलेगा. भगवान राम ने सर्वसमाज को जोड़ने का काम किया था. आज कुछ लोग जातियों को निशाना बनाकर अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो उचित नहीं है. समाज के किसी भी वर्ग या जाति को गाली देना सही नहीं है.
महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने का समय आ गया है. आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि तीर धनुष पर चढ़ चुका है और इसका परिणाम जल्द सामने आएगा. उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण बिल पास होकर रहेगा.
जो इसके पक्ष में आना चाहते हैं, वह आएं और जो विपक्ष में रहना चाहते हैं, वह अपनी भूमिका निभाएं, लेकिन यह बिल पास होकर रहेगा. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों के लिए यह मुद्दा गले की फांस बन सकता है.
सामाजिक समरसता के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने की जरूरत है, न कि जातियों के नाम पर एक-दूसरे को निशाना बनाने की. उनके बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में बन रहे नए राजनीतिक समीकरणों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Tags: