गंदगी के बीच बन रहा था 'जहरीला' पनीर, 698 KG मिलावटी पनीर गड्ढे में दफन
देखें वीडियो.
हापुड़: मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में विभाग की टीम ने मिलावटी पनीर तैयार करने वाले एक ठिकाने पर छापा मारा। टीम ने मौके से 698 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। इस पनीर की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त पनीर को वहीं गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया गया।
छापे के दौरान टीम ने देखा कि भारी मात्रा में मिलावटी पनीर गंदगी के बीच रखा गया था। अधिकारियों ने पनीर और रिफाइंड के नमूने भरकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं। कार्रवाई के बाद पनीर बनाने वाली इस इकाई पर ताला भी लगवा दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर बनी टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग को खबर मिली थी कि सिंभावली थाना क्षेत्र के दतियाना गांव में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर बनाया जा रहा है। इसके बाद विभाग ने एक टीम गठित की और मौके पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।
प्रतापगढ़-अमेठी में तीन इकाइयों पर शिकंजा
उधर UPFSDA ने प्रतापगढ़ और अमेठी में भी मिलावटी पनीर के कारोबार पर सख्त कदम उठाया है। दोनों जिलों में पनीर बनाने वाली तीन इकाइयों पर छापे मारे गए। जांच में पता चला कि इन इकाइयों के पास खोवा बनाने का लाइसेंस था, लेकिन उसकी आड़ में पनीर तैयार किया जा रहा था। छापेमारी में कई गंभीर गड़बड़ियां पकड़ी गईं। टीम को मौके से 65 बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर और औद्योगिक इस्तेमाल वाला एसिटिक एसिड भी मिला।
प्रतापगढ़ की इकाई में हर दिन करीब 10 क्विंटल लो-फैट पनीर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। यहां से 8 क्विंटल पनीर, 2,880 लीटर पनीर का घोल और 170 किलो क्रीम जब्त की गई। प्रतापगढ़ में 3.32 लाख रुपये की खाद्य सामग्री को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। अमेठी में 195 किलो बासी पनीर और सात दिन पुराना 358 किलो दही नष्ट किया गया।
तीनों इकाइयों का काम तुरंत रुकवा दिया गया है। इनसे कुल 10 नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई FSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चल रहे 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत की गई है। विभाग का कहना है कि मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।