Prayagraj: मौनी पर भीड़ को देखते हुए वसंत पंचमी को लेकर नगर निगम अलर्ट पर
Prayagraj प्रयागराज: महाकुंभ के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने अब वसंत पंचमी और माघी पूर्णिमा स्नान पर्वों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों स्नान पर्वों को लेकर नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार शाम नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को दोनों स्नान पर्वों को लेकर अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। दोनों स्नान पर्वों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नगर आयुक्त ने बैठक में होल्डिंग एरिया और शौचालय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि मौनी अमावस्या जैसा बड़ा स्नान पर्व नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती थी।
सबसे बड़े स्नान पर्व पर तीन दिनों तक शहर में अब तक का सबसे ज्यादा कूड़ा निकला। पर्व पर शहर को साफ रखने में नगर निगम सफल रहा। अब वसंत पंचमी और माघी पूर्णिमा स्नान पर्व अगली चुनौती भीड़ बढ़ने पर लोगों के रुकने के लिए फोल्डिंग एरिया भी बढ़ाना पड़ेगा। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि दोनों स्नान पर्वों के दौरान लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र कुमार यादव, अरविंद कुमार राय, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय, पर्यावरण अभियंता उत्तम कुमार वर्मा समेत सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहे।