Noida Encounter: पुलिस से मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तार

Update: 2025-02-20 06:10 GMT
Noida Encounter: थाना बिसरख पुलिस ने घरों में चोरी और डकैती के आरोप में मुठभेड़ के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बीती रात थाना बिसरख पुलिस सोफिया नर्सरी के सामने चेकिंग कर रही थी, तभी एक ऑटो रिक्शा में कुछ लोग आते दिखाई दिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन ऑटो रिक्शा चालक वाहन की गति तेज कर वहां से भागने लगा। अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया लेकिन तभी ऑटो में सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुरेंद्र (30 वर्ष) पुत्र राजपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि इस बीच दो आरोपी भाग निकले लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उनकी पहचान रोहित (22 वर्ष) पुत्र राघवेंद्र सिंह और अजय (28 वर्ष) पुत्र राकेश सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सुरेन्द्र जनपद बुलंदशहर के खुर्जा नगर के देवी धाम कालोनी का निवासी है तथा उसके खिलाफ बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ में चोरी व लूट के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि घायल सुरेन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित कन्नौज जिले में तथा अजय मैनपुरी जिले में रहता है। अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी तमंचा, कारतूस, 10 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा, सोने की अंगूठी, चांदी की करधनी, एक बैटरी इन्वर्टर, एलईडी टीवी आदि बरामद किया है। उनके अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में बंद घरों की टोह लेकर चोरी करते हैं। आरोपी चोरी का माल बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई।
Tags:    

Similar News