Meerut मेरठ: आंधी और बारिश से बचने के लिए रुहासा-बड़कली मार्ग के किनारे खड़े बाइक सवार अमित (32) पर पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि सूचना के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। रुहासा निवासी अमित चौधरी अपने नौ वर्षीय बेटे विहान के साथ बाइक पर सवार होकर दौराला से बड़कली होते हुए रुहासा अपने घर लौट रहे थे। बड़कली गांव से निकलते ही अचानक आंधी और बारिश आ गई।
इससे बचने के लिए वह सड़क किनारे पीपल के पेड़ के नीचे रुक गए। तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ गया। बाइक सवार अमित पेड़ के नीचे दब गया। उसकी मौत हो गई, जबकि उसका बेटा विहान बच गया। सूचना मिलने पर बड़कली, रुहासा आदि गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी दो घंटे तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने अमित के शव को पेड़ के नीचे से निकाला।