Lucknow लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के हसनगंज में भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां एक टाटा सूमो ने डिवाइडर पर सो रहे मजदूरों को कुचल दिया. इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई. घटना के बाद सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. इसके अलावा गंभीर रूप से घायल दो और मजदूरों की हालत भी नाजुक बनी हुई है. यह घटना नदवा कॉलेज रोड की है. यह भीषण सड़क हादसा रात 12:30 बजे हुआ, जब हनुमान सेतु की तरफ से एक सूमो तेज रफ्तार में आ रही थी. मजदूर वहीं डिवाइडर पर सो रहे थे|
तभी सूमो अनियंत्रित होकर उन मजदूरों के ऊपर चढ़ गई और उन्हें रौंदते हुए एक पेड़ से टकराकर रुक गई. हादसे के बाद सूमो चालक मौके से फरार हो गया. इसके बाद मौके पर कोहराम मच गया. हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई. इसके बाद डिवाइडर पर सो रहे लोगों को तड़पता देख वहां से गुजर रहे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजेएमयू) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दो मजदूर अभी भी गंभीर हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है|
मामले की जांच में जुटी पुलिस
अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस घटना की पूरी जानकारी पता लगाने में जुटी है कि हादसा कैसे हुआ. इसके साथ ही पुलिस फरार चालक की भी तलाश कर रही है. वहीं, हादसे में मारे गए मजदूरों की भी पहचान की जा रही है. अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने बताया कि वाहन की रफ्तार तेज थी. मजदूरों को रौंदने के बाद यह वाहन नियंत्रित नहीं हो सका और काफी दूर चला गया|