Lucknow Encounter: यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के भैदुआ गांव में 24 मार्च को किसान के घर पर हमला करने वाले दो बदमाशों की रविवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़े। पुलिस ने घेरकर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। पुलिस घायल बदमाशों को अस्पताल ले गई। गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
रविवार रात करीब 11:45 बजे पुलिस टीम पूरनपुर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम था। 24 मार्च की रात करीब पांच बदमाश लूटपाट के इरादे से आए थे। एसीपी ने बताया कि जिस बदमाश को गोली लगी है, उसका इलाज भी नर्सिंग होम में हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू की।