Lakhimpur लखीमपुर: जिले के पढुआ थाना क्षेत्र में दो किशोरियों ने शारदा नहर में छलांग लगा दी। उनके दुपट्टे और चप्पल पुल पर पड़े मिले। दोनों लड़कियां अलग-अलग गाँवों की रहने वाली हैं। पुल पर अपने दुपट्टे और चप्पल छोड़कर दो किशोरियों ने शारदा नहर में छलांग लगा दी, गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा गाँव में दो किशोरियों ने पुल से शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। दोनों डूब गईं और लापता हो गईं। घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। दोनों लड़कियों के दुपट्टे और चप्पल नहर के पुल पर मिले। मौके पर पहुँची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है।
शारदा नहर में कूदने वाली लड़कियों की पहचान पंछी (17 वर्ष) पुत्री रामस्वरूप गौतम निवासी चंदैयापुर, थाना पढुआ और सोनिका (16 वर्ष) पुत्री रतिराम गौतम निवासी बथुआ टांडा, थाना सिंगाही के रूप में हुई है। मौके पर पहुँचे परिजनों ने बताया कि दोनों लड़कियाँ सुबह से लापता थीं। वे पुल पर कैसे पहुँचीं और नहर में क्यों कूदीं, इसका पता नहीं चल पाया है। मौके पर पुलिस और गोताखोर तलाश में लगे हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।