संपत्ति को लेकर सौतेले भाई की हत्या, हत्यारे की तलाश जारी

Update: 2022-04-02 11:08 GMT

आगरा क्राइम न्यूज़: थाना डौकी क्षेत्र में शनिवार को संपत्ति के विवाद के चलते सौतेले भाई की हत्या कर दी गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के फरार मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मामला थाना डौकी क्षेत्र के नगला आम हौद का है, जहां दो सौतेले भाइयों नवाब सिंह और श्याम सिंह के बीच संपत्ति का विवाद चल रहा है। नवाब सिंह की मां की पहली शादी से श्याम सिंह हुआ था और दूसरी शादी से नवाब सिंह और उसके अन्य चार भाई हुए थे। नवाब सिंह की मां की चार वर्ष पहले मृत्यु हो गयी थी, जिसके बाद से सौतेले भाई के साथ नवाब सिंह का 35 बीघा संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।

मामला पंचायत में पहुंचने पर 35 बीघा संपत्ति में पांच बीघा श्याम सिंह को देने का फैसला हुआ था। इसी पांच बीघा ज़मीन पर जब श्याम सिंह अपने दो पुत्रों चंद्रभान और वकील को लेकर फसल काटने पहुंचे थे। नवाब सिंह ने उसी दौरान अपने भाई छत्रपाल को श्याम सिंह को ज़मीन से फसल काटने से रोकने को भेजा। इसके बाद श्याम सिंह और छत्रपाल के बीच विवाद हो गया। विवाद के बीच ही श्याम सिंह और उसके बेटों ने छत्रपाल को गोली मार दी। जिसके बाद जान बचाने के लिए भागे छत्रपाल का पीछा करते हुए दूसरी गोली कनपटी पर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्याम सिंह के दोनों पुत्रों चंद्रभान और वकील को हिरासत में ले लिया है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी श्याम सिंह की तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News

-->