DM ने शाकम्भरी देवी क्षेत्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Update: 2026-07-03 14:34 GMT

Saharanpur सहारनपुर : जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शनिवार को शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सभी विकास और सुरक्षा कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मंदिर क्षेत्र में आधुनिक थाना (मॉडर्न थाना) स्थापित किया जाए तथा दो मोबाइल टावर भी लगाए जाएं, ताकि संचार व्यवस्था बेहतर बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में हाई मास्क लाइट लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सूचना दी जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में दुकानों के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि दुकानों का सुव्यवस्थित व्यवस्थापन किया जाए, ताकि सभी दुकानें निर्धारित मानकों के अनुसार आकर्षक और व्यवस्थित रूप में संचालित हों और क्षेत्र की सुंदरता बढ़े।पर्यटन विकास को लेकर जिलाधिकारी ने पर्यटन थाना स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी भवन बनने तक अस्थायी पर्यटन थाना संचालित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुल का निर्माण निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेषज्ञों की राय और तकनीकी परामर्श लेने पर भी बल दिया।उन्होंने कहा कि शाकम्भरी देवी क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, उप जिलाधिकारी बेहट मानवेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News