Bareill : मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, छह ठग गिरफ्तार
Bareilly बरेली : बरेली में फर्जी बीएसएनएल अधिकारी बनकर लोगों को मोबाइल टावर लगाने का झांसा देने वाले ठगों का गिरोह बारादरी थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद सीओ तृतीय ने शुक्रवार को गिरोह व उसके कई जिलों में फैले नेटवर्क का खुलासा किया। छह शातिरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से भाग गया। आरोपी अब तक सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। बारादरी थाने में सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसपी को सूचना मिली कि कुछ ठग बरेली में मोबाइल टावर लगवाने की स्कीम चला रहे हैं। यह लोग जल्द ही सामान समेटकर भागने वाले हैं।
सूचना पर एसएसपी ने टीम गठित की। बारादरी थाने की पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने बीसलपुर चौराहे के पास दबिश देकर शुक्रवार सुबह छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक आरोपी भाग निकला। आरोपियों के पास से लैपटॉप, टेबलेट, मोबाइल फोन, स्कैनर, फर्जी दस्तावेज, कार और दो बाइक समेत काफी मात्रा में सामान बरामद किया गया।