बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के भवन टोला (पूर्वी), जयप्रकाश नगर में मंगलवार रात सर्पदंश की घटना में एक 61 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभारती देवी पत्नी हरेंद्र सिंह रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद सोने चली गई थीं। रात लगभग एक बजे के आसपास उन्हें सांप ने डंस लिया। परिजन तत्काल उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवसा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।
महिला की आकस्मिक मृत्यु से परिजन गहरे सदमे में हैं और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।