Bahraich: खेल रहे बच्चे पर तेंदुए ने किया हमला , मौत

Update: 2026-02-08 02:53 GMT
Bahraich बहराइच : यूपी के बहराइच में तेंदुए के हमले ने फिर दहला दिया है। तेंदुआ अपने मुंह में बच्ची को दबोचकर गन्ने के खेत में घुस गया। गांव वालों ने बच्ची को तो छुड़ा लिया लेकिन बुरी तरह जख्मी होने की वजह से उसकी जान नहीं बच पाई। ये घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली थाना इलाके के मोहकम पुरवा चफरिया गांव में शनिवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे हुई। तेंदुए के इस हमले में 6 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई।बता दें कि मोहकम पुरवा गांव के रहने वाले राजू गौतम की 6 साल की बच्ची सहजल घर के आंगन में खेल रही थी, तभी जंगल से निकलकर तेंदुआ घर में घुस गया। फिर बच्ची को दबोचकर पास के गन्ने के खेत में जा घुसा। तभी परिजन और आसपास के लोग चीखते-चिल्लाते हुए दौड़े, जिसपर तेंदुआ बच्ची को घायल करके गन्ने के खेत में छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया।
आननफानन में बच्ची को घायल अवस्था में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां बच्ची की हालत काफी नाजुक पाई गई। बच्ची के गले और चेहरे पर गहरा जख्म था। इसके बाद, डॉक्टर और वार्ड बॉय ने बच्ची का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इस दौरान, बच्ची की हालत गंभीर होने की वजह से उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, तेंदुए की इस घटना से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि, सुजौली और कतर्नियाघाट रेंज में यह घटना कहां हुई, इसका अभी तय नहीं हो पाया है। ग्राम प्रधान अजीज अहमद ने बताया कि गांव का आधा हिस्सा सुजौली और आधा हिस्सा कतर्नियाघाट रेंज में पड़ता है।
Tags:    

Similar News