लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार करने में नाकाम रहने और जांच में कथित लापरवाही के चलते हजरतगंज के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी गई है।
नौ दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर श्रद्धा
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के कारण कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हुई थी। मृतक की मां ने मॉडल श्रद्धा दुबे सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
घटना के नौ दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।
श्रद्धा समेत तीन आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम
पुलिस ने मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश की गिरफ्तारी पर घोषित इनाम 25 हजार से बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया है।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की आठ टीमें अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं। नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में भी उनकी तलाश की जा रही है।
नेपाल भागने की आशंका, तलाश जारी
जांच के दौरान श्रद्धा दुबे की कार नेपाल सीमा के पास मिलने और आरोपियों के नेपाल जाने की आशंका सामने आई थी। हालांकि, उनके वर्तमान ठिकाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच श्रद्धा दुबे ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि शिवा शर्मा ने चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। उन्होंने बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की है।
फिलहाल पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश और शिवा शर्मा की मौत से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Tags: