नोएडा: आज से शुरू हो रहे पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। एक्सपो मार्ट में आयोजित ट्रेड शो की सुरक्षा के लिए 12 सेक्टर बनाए गए हैं और करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रत्येक सेक्टर में एसपी स्तर के अधिकारी को तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की बटालियन भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि ट्रेड शो की सुरक्षा के लिए एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें भी तैनात की गई हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि ट्रेड शो में विदेशी मेहमानों का भी आगमन शुरू हो गया है। उनकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एक्सपो मार्ट आने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर यातायात डायवर्जन भी किया गया है।

Tags: