अजमेर से पुष्कर तक धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए वासुदेव देवनानी, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
गुरुद्वारे में अरदास, ब्रह्मा मंदिर में दर्शन, देवनानी ने की प्रदेश की खुशहाली की कामना
अजमेर: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने अजमेर के गंज स्थित गुरुद्वारे में माथा टेककर अरदास की। इसके बाद पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरोवर पूजन और ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए।
देवनानी ने गुरु नानक देव जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव का संपूर्ण जीवन सत्य, प्रेम, करुणा, समानता और मानव सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा। उनकी शिक्षाएं समाज को सद्भाव, भाईचारे और परस्पर सम्मान की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने परिश्रम, ईश्वर स्मरण और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। सभी को उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए।
इस दौरान देवनानी ने विधायक लक्ष्मण मीणा के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। उन्होंने दूरभाष पर उनके पुत्र निलेश से बातचीत कर कुशलक्षेम पूछा और विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।