काजरी में जुटे कई राज्यों के वैज्ञानिक, जल संकट पर होगा मंथन
जलवायु परिवर्तन से जल उपलब्धता पर असर, विशेषज्ञों ने जताई चिंता
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर स्थित केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) में जलविज्ञान मॉडलिंग और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का आकलन विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसका आयोजन राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान (एनआईएच) के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र और काजरी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के 25 अधिकारी, वैज्ञानिक, प्राध्यापक, शोधार्थी और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों को मृदा एवं जल मूल्यांकन की आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काजरी निदेशक डॉ. एच.एस. जाट ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण शुष्क और अर्धशुष्क क्षेत्रों में जल उपलब्धता एवं कृषि के सामने नई चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया।
प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. सौरभ नेमा ने बताया कि प्रतिभागियों को रिमोट सेंसिंग, जीआईएस आधारित मानचित्र निर्माण, जलविज्ञान मॉडल विकसित करने, संवेदनशीलता विश्लेषण और मॉडल सत्यापन की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा भविष्य में जलवायु परिवर्तन के कारण नदी प्रवाह और जल उपलब्धता में होने वाले संभावित बदलावों का वैज्ञानिक आकलन करना भी सिखाया जाएगा।