जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव, अब इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी ट्रेन
25 नवंबर से नए अंदाज में दौड़ेगी जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर से भोपाल के बीच चलने वाली जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस अब पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 14813/14814 के संचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था से बीच रास्ते में इंजन बदलने की जरूरत समाप्त हो जाएगी।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 25 नवंबर से जोधपुर से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के लिए 26 नवंबर से सवाई माधोपुर में इलेक्ट्रिक इंजन संचालन की नई व्यवस्था लागू होगी।
अब तक इस ट्रेन को जोधपुर से सवाई माधोपुर तक डीजल इंजन से चलाया जाता था, जबकि सवाई माधोपुर से भोपाल तक इलेक्ट्रिक इंजन लगाया जाता था। इसके चलते सवाई माधोपुर स्टेशन पर इंजन बदलना पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत भगत की कोठी स्थित रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको शेड के इंजन से पूरी यात्रा संचालित होगी। इससे इंजन बदलने में लगने वाले समय की बचत होगी और ट्रेन का परिचालन अधिक सुगम बनेगा।
रेलवे के अनुसार, इस बदलाव से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और ट्रेन संचालन की दक्षता बेहतर होगी