राजस्थान पुलिस की नई पहल, छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कार्यक्रम शुरू, लाखों बेटियां होंगी सशक्त
जयपुर: राजस्थान में बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने के लिए राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इसके तहत 36,765 सरकारी विद्यालयों में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाए जाएंगे। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
योजना के तहत राजस्थान पुलिस 11,701 ब्लॉक स्तरीय विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देगी। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक अन्य सरकारी विद्यालयों की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगे।
प्रशिक्षण में छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का उपयोग करने और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बाल अधिकारों और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।