शादी के नेग पर किन्नरों के दो गुट भिड़े, सड़क पर जमकर तोड़फोड़
जोधपुर में नेग और क्षेत्राधिकार पर टकराव, पुलिस जांच में जुटी
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर शहर में रविवार दोपहर शादी के नेग और क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। घटना से शास्त्री नगर ए सेक्टर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एक विवाह समारोह आयोजित था। इसी दौरान समारोह स्थल के बाहर नेग लेने और क्षेत्राधिकार को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि एक गुट के लोगों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारकर उनके शीशे और दरवाजों को नुकसान पहुंचाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग वाहनों को टक्कर मारते और मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं।
अचानक हुए हंगामे से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद में शामिल एक गुट वहां से जा चुका था।
थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और वाहनों को हुए नुकसान की जांच कर रही है।