जयपुर में अनूठी पहल, खंडित मूर्तियों के सम्मानजनक विसर्जन की व्यवस्था
खंडित मूर्तियों और पूजन सामग्री के लिए नृत्यम फाउंडेशन ने शुरू किया अभियान
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और पूजन सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के लिए नृत्यम फाउंडेशन ने अनूठी पहल शुरू की है। वार्ड 87 की वेदविला कॉलोनी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से इस अभियान का शुभारंभ किया गया। मंदिर परिसर में विशेष संग्रहण बॉक्स लगाया गया है, जिसमें श्रद्धालु खंडित प्रतिमाएं और पूजन सामग्री रख सकेंगे।
फाउंडेशन की काजल सैनी ने बताया कि कई बार लोग खंडित प्रतिमाओं और उपयोग की गई पूजन सामग्री को पीपल के पेड़ के नीचे या अन्य खुले स्थानों पर छोड़ देते हैं। इससे धार्मिक आस्था से जुड़ी भावनाओं को ठेस पहुंचती है। इसी समस्या को देखते हुए प्रतिमाओं के व्यवस्थित संग्रहण और विधिवत विसर्जन की व्यवस्था शुरू की गई है।
अभियान का शुभारंभ वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा ने किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से इस मुहिम में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को उचित सम्मान मिलेगा और उन्हें खुले स्थानों पर छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी।
इस दौरान पार्षद प्रतिभा शर्मा ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्य संतोष सैनी, मनीषा यादव, अनीता सैनी और मनीषा सैनी उपस्थित रहे। सदस्यों ने अभियान को लगातार आगे बढ़ाने और अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।