बैकुंठ चतुर्दशी पर बनेंगे विशेष योग, भगवान विष्णु और शिव की होगी पूजा
सोडाला के प्राचीन मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी की तैयारी, चांदी दान का विशेष महत्व
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सोडाला स्थित 136 साल पुराने भगवान बैकुंठ नाथ जी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्त भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना करेंगे।
मंदिर के पुजारी राजेंद्र शर्मा के अनुसार, यह प्रदेश का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी चतुर्भुज स्वरूप में विराजमान हैं। भगवान विष्णु की प्रतिमा 4.45 फीट और मां लक्ष्मी की प्रतिमा चार फीट ऊंची है। मंदिर में स्थापित सिंहासन और चांदी की प्रतिमा वाली बैकुंठी विशेष आकर्षण का केंद्र है।
बैकुंठ चतुर्दशी पर महिलाएं मंदिर में 108 और आठ परिक्रमाएं लगाकर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करेंगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन चांदी और नाव सहित अन्य सामग्री का दान पुण्यदायी माना जाता है।
मंदिर का इतिहास करीब 136 वर्ष पुराना है। इसका निर्माण सामोद के जागीरदार रावल संग्राम सिंह की माता कंचन कंवर ने अपने पति फतेह सिंह की स्मृति में करवाया था। वर्तमान में महंत पंडित नारायण की पांचवीं पीढ़ी मंदिर की पूजा-अर्चना और देखरेख की परंपरा निभा रही है।
मंदिर की दीवारों पर स्वर्ण चित्रकारी के माध्यम से राम-सीता विवाह, राम राज्याभिषेक, नृसिंह अवतार और मत्स्य अवतार जैसे धार्मिक प्रसंग दर्शाए गए हैं।
महंत कृष्ण चंद शर्मा और युवाचार्य पंडित विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की पूजा का विशेष महत्व है। इस अवसर पर शिवालयों में हरिहर मिलन की झांकियां भी सजाई जाएंगी।
धार्मिक मान्यता है कि इस तिथि पर भगवान विष्णु की आराधना और परिक्रमा करने से भक्तों को आध्यात्मिक पुण्य प्राप्त होता है। मंदिर में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ परिवार की सुख-शांति की कामना करेंगे।