जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में नगर निगम ने बकाया यूडी टैक्स की वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को तीन शोरूम सीज कर दिए। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री रामसिंह विश्नोई के परिवार से जुड़ा बाइक शोरूम भी शामिल है, जिस पर वर्ष 2007 से करीब 18 लाख 82 हजार 352 रुपये का टैक्स बकाया था।

नगर निगम उपायुक्त रणवीर देथा के अनुसार, संबंधित शोरूम संचालकों को तीन से चार बार नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं होने पर सीज की कार्रवाई की गई। हालांकि, कार्रवाई के बाद बाइक शोरूम की बकाया राशि जमा करवा दी गई।

इसके अलावा सरदारपुरा स्थित एक ज्वेलरी शोरूम, जिस पर 19.49 लाख रुपये का टैक्स बकाया था, और झालामंड पाली रोड स्थित एक एम्पोरियम पर भी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई को लेकर लूणी के पूर्व विधायक महेंद्र विश्नोई ने राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में हार के कारण सरकार राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई कर रही है।

नगर निगम ने बकाया टैक्स वसूली के लिए 1500 संपत्ति मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें 1400 को 15 दिन और 100 को तीन दिन का अंतिम नोटिस दिया गया है। निगम की ओर से व्हाट्सएप पर भी टैक्स बिल भेजकर भुगतान करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

Tags: