Rajasthan: अनियंत्रित जीप सड़क से नीचे जा गिरी, घायलों को बचाने आए लोगों को ट्रक ने कुचला
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के डूंगरपुर जिले के साबला थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। साबला थाना क्षेत्र के पिंडवाल हिलावड़ी बस स्टैंड के पास एक क्रूजर जीप सड़क किनारे उतर गई। इसके बाद लोग घायलों को बचाने पहुंचे, लेकिन साबला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बचाने आए लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। इतना ही नहीं ट्रक ने तीन बाइकों को भी कुचल दिया।
हादसे के घायलों को सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। साबला थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि बीती रात एक क्रूजर जीप में सवार लोग पिंडवाल गांव में एक शादी में शामिल होने के बाद बोडीगामा लौट रहे थे। पिंडवाल हिलावड़ी बस स्टैंड के पास जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों की मदद के लिए आसपास के लोग दौड़े आए। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस भी ट्रक की चपेट में आई
साबला थाना अधिकारी ने बताया कि लोग घायलों को बचाने में जुटे थे। इसी दौरान साबला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने घायलों और उनकी मदद के लिए आए लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक सड़क पर पहले से खड़ी दुर्घटनाग्रस्त जीप और बाइकों पर पलट गया। घायलों को लेने आई एंबुलेंस भी ट्रक की चपेट में आ गई।साबला थाना अधिकारी ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोग ट्रक के नीचे दब गए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में आठ से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है।