जयपुर: एमबीबीएस की जिस डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराया गया था, उसे संबंधित विश्वविद्यालय ने जारी करने से इनकार कर दिया। हरियाणा मेडिकल काउंसिल ने भी प्रस्तुत अनापत्ति प्रमाण पत्र को फर्जी बताया। दोनों संस्थाओं की सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संदीप चौधरी का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल ने बताया कि नागौर के मौलासर स्थित बोचालिया बास निवासी संदीप चौधरी का पंजीयन 1 मार्च 2023 को आरएमसी-60417 क्रमांक से किया गया था। उस समय उन्होंने पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक से एमबीबीएस उत्तीर्ण होने के दस्तावेज प्रस्तुत किए थे।

पंजीयन संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान संदेह होने पर काउंसिल ने संबंधित विश्वविद्यालय और हरियाणा मेडिकल काउंसिल से तथ्यात्मक जानकारी मांगी। इसके लिए 3 अगस्त 2026 और 24 अगस्त 2026 को पत्र भेजे गए।

डॉ. गोयल के अनुसार, विश्वविद्यालय के अधीक्षक परीक्षा ने लिखित जवाब में स्पष्ट किया कि संदीप चौधरी के नाम से एमबीबीएस की योग्यता विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं है। संबंधित डिग्री भी विश्वविद्यालय की ओर से जारी नहीं की गई थी।

इसी तरह हरियाणा मेडिकल काउंसिल, पंचकूला ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को उसकी ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है और प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने पंजीयन निरस्त करने का निर्णय लिया।

रजिस्ट्रार ने कहा कि चिकित्सा पेशे की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता तथा पंजीयन संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जाता है। उन्होंने कहा कि फर्जी डिग्री या गलत दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सा व्यवसाय करने के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags: