Rajasthan राजस्थान : राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ। शहर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग मलबे में बदल गई। हादसा इतना गंभीर था कि मलबे में दबकर दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रातभर और अगले दिन भी राहत और बचाव कार्य जारी रहा, क्योंकि आशंका थी कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं।कोटा डिविजनल कमिश्नर अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि अब तक दो मौतों की पुष्टि हुई है। 13 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग के ऊपर कुछ नया निर्माण (कंस्ट्रक्शन) चल रहा था, जो नीचे गिर गया। यह हादसा खराब निर्माण गुणवत्ता या लापरवाही की वजह से हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ड्रिलिंग का काम चल रहा था और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी। हादसे के कारणों की तकनीकी जांच (Technical Investigation) की जाएगी और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि कुल 15 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें से दो की मौत हो गई। बाकी लोगों का इलाज किया गया, जिनमें से अधिकतर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पांच लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। सरकार एक जांच कमेटी बनाएगी, जो हादसे के कारणों की जांच करेगी। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा न हो।