Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के अलवर जिले के जेके नगर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां टहलने गई एक युवती पर 10 कुत्तों ने हमला कर दिया. महिला मोबाइल पर बात करते हुए सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक पीछे से कुत्तों का झुंड दौड़ा और उसे घेर लिया. कुत्तों ने उसे करीब 15 से 20 सेकंड तक घेरे रखा, इस दौरान उन्होंने महिला को कई जगह काटा. घबराई महिला जमीन पर गिर गई और खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते लगातार हमला करते रहे. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे कुत्तों से बचाया|
बताया जा रहा है कि महिला को 8 जगह गंभीर चोटें आई हैं. हमले के बाद वह इतनी डरी हुई थी कि घर पहुंचने के बाद भी वह कांप रही थी और सदमे में थी. नगर निगम पर उठे सवाल स्थानीय पार्षदों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. नगर निगम को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. लोग इस समस्या से परेशान हैं और जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं|